State

भोपाल: फायर सेफ्टी नियमों के पालन के लिए कोचिंग संस्थानों को दो दिन की मोहलत

भोपाल। राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम के फायर ब्रिगेड दल ने गुरुवार को कोलार रोड, एमपी नगर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और नर्सिंग होम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकांश संस्थानों में अग्निशमन उपकरण लगाने का कार्य प्रगति पर मिला।

संस्थान संचालकों के अनुरोध पर नगर निगम ने फायर सेफ्टी के सभी आवश्यक इंतजाम पूरे करने और संबंधित शपथ पत्र जमा करने के लिए दो दिन की अंतिम मोहलत दी है। निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने और शपथ पत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कोलार रोड स्थित नर्सिंग एकेडमी एवं लाइब्रेरी, बालाजी लाइब्रेरी, उत्कृष्ट लाइब्रेरी, दानिशकुंज स्थित अर्बन गुरुजी, कोटरा सुल्तानाबाद की कॉन्सेप्ट कोचिंग, तथा एमपी नगर स्थित प्रतिज्ञा सेवा संस्थान, आईएमएस कोचिंग और आकाश कोचिंग सहित कई संस्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

नगर निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संस्थानों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।

Related Articles