Bhopal Smart Parking: न्यू मार्केट और एमपी नगर में स्मार्ट पार्किंग, FASTag-UPI से होगा डिजिटल भुगतान

भोपाल, 3 सितंबर। राजधानी में पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक, डिजिटल और कैशलेस बनाने की दिशा में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। एमपी नगर और न्यू मार्केट टीटी नगर की मल्टी लेवल पार्किंग में FASTag, UPI और मोबाइल ऐप आधारित स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। निगम का दावा है कि यह व्यवस्था भविष्य में अन्य शहरों के लिए रोल मॉडल बन सकती है।

नगर निगम ने 9 जुलाई 2026 से शहर की पांच मल्टी लेवल पार्किंग में कैशलेस पार्किंग व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत पार्किंग शुल्क के नकद भुगतान को प्रतिबंधित किया गया है और डिजिटल माध्यमों से भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है।

FASTag से ऑटोमेटिक दर्ज होगी एंट्री

स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था में पार्किंग के प्रवेश द्वार पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए गए हैं। कैमरा वाहन की नंबर प्लेट को पहचानता है और FASTag रीडर के माध्यम से वाहन के प्रवेश की डिजिटल जानकारी दर्ज हो जाती है। इससे पार्किंग का रिकॉर्ड अपने आप तैयार होता है।

वाहन के बाहर निकलने के समय भी ANPR कैमरा और FASTag सिस्टम वाहन की पहचान करते हैं। निर्धारित पार्किंग शुल्क FASTag के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज और भुगतान किया जाता है। भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद वाहन को बाहर निकलने की अनुमति मिल जाती है।

FASTag काम नहीं करे तो UPI से भुगतान

निगम के अनुसार पार्किंग शुल्क के लिए FASTag भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है। यदि किसी वाहन का FASTag किसी कारण से काम नहीं करता है तो वाहन चालक QR कोड और UPI के माध्यम से भुगतान कर सकता है। आवश्यकता पड़ने पर नकद भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

मोबाइल ऐप से पहले बुक कर सकेंगे पार्किंग

नगर निगम ने ‘I. Smart Parking Customer App’ के माध्यम से भी सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके जरिए नागरिक पार्किंग की उपलब्धता देख सकते हैं, पार्किंग स्पेस खोज सकते हैं और उपलब्धता के आधार पर पहले से पार्किंग स्लॉट बुक कर सकते हैं। पार्किंग शुल्क का डिजिटल भुगतान भी ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।

यह ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

डिजिटल रिकॉर्ड से बढ़ेगी पारदर्शिता

नगर निगम का कहना है कि स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था से वाहनों के प्रवेश और निकास का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे पार्किंग संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने, नकद भुगतान पर निर्भरता कम करने और वाहन चालकों को तेज एवं सुविधाजनक सेवा देने में मदद मिलेगी।

अन्य पार्किंग स्थलों पर भी होगा विस्तार

नगर निगम अब इस डिजिटल पार्किंग व्यवस्था को शहर के अन्य पार्किंग स्थलों तक विस्तार देने की तैयारी में है। निगम का कहना है कि स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था के विस्तार से भोपाल में पार्किंग प्रबंधन को आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा तथा शहर को डिजिटल और कैशलेस पार्किंग के रोल मॉडल के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version