Bhopal Sealing Action: भोपाल में सीलिंग कार्रवाई पर बोले कैलाश विजयवर्गीय, व्यापारियों की परेशानी दूर करने निकालेंगे रास्ता

भोपाल। राजधानी भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ चल रही सीलिंग कार्रवाई को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पूरे भोपाल के व्यापारी परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में वकीलों के साथ चर्चा कर कोई न कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेगी।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नगरीय प्रशासन विभाग के सभी बड़े अधिकारी फिलहाल दिल्ली में हैं। अधिकारियों की वकीलों के साथ चर्चा होगी और सीलिंग कार्रवाई से जुड़े मामले में समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

मास्टर प्लान को लेकर भी चर्चा

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर भी चर्चा चल रही है। उन्होंने संकेत दिया कि मास्टर प्लान को लेकर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। इससे राजधानी में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े नियमों को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

17 सितंबर को बूथ स्तर पर 100 दीप जलाने का लक्ष्य

सेवा संकल्प अभियान को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री ने कहा कि यह अभियान पूरे मध्य प्रदेश में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर बूथ स्तर पर कम से कम 100 दीप जलाए जाएं।

राहुल गांधी के दौरे में बदलाव पर भी बोले विजयवर्गीय

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे में बदलाव को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जिस स्टेडियम की मांग की जा रही है, वहां राजनीतिक रैलियां आयोजित करने को लेकर हाईकोर्ट ने अनुमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी को स्टेडियम की जरूरत है तो वे वहां चले जाएं।

राम मंदिर को लेकर अखिलेश यादव पर पलटवार

अयोध्या राम मंदिर में विशेष कर्तव्य अधिकारी (OSD) बदले जाने को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर भी कैलाश विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को राम मंदिर पर किसी तरह की टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।

विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव राम मंदिर के विरोध में रहे हैं। उन्होंने इसी आधार पर उनके बयान पर सवाल उठाए।

Exit mobile version