भोपाल: 1,000 से अधिक कामकाजी महिलाएं पहुंचीं स्वास्थ्य शिविरों में, 100 से अधिक बनीं आभा आईडी, हर गुरुवार अब विशेष शिविर

भोपाल जिले में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस 2025 के अवसर पर एक अनूठी पहल के तहत कामकाजी महिलाओं और महिला घरेलू श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में 1 मई को जिले के 21 स्थानों पर शिविर लगाए गए, जिनमें 1,056 से अधिक महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
घर के काम निपटाकर पहुंचीं दीदियां, मिला स्वास्थ्य लाभ
शिविरों की विशेष बात यह रही कि इन्हें महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोपहर 1:00 बजे से आयोजित किया गया, जिससे घर के काम निपटाकर कामकाजी महिलाएं समय पर शिविर में शामिल हो सकें। इन शिविरों में स्त्री एवं प्रसूति रोग परीक्षण, पोषण परामर्श, टीकाकरण, हाई रिस्क चिन्हांकन जैसी सेवाएं दी गईं।
महिलाओं को एनीमिया प्रबंधन हेतु आयरन फोलिक एसिड गोलियों का वितरण किया गया और उसके सेवन की विधि समझाई गई। कुल 646 महिलाओं की उच्च रक्तचाप जांच में 59 को रक्तचाप अधिक पाया गया, जबकि 628 महिलाओं की मधुमेह जांच में 42 को शुगर का स्तर बढ़ा मिला। सभी महिलाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़कर नियमित जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
डिजिटल हेल्थ सुविधाएं भी प्रदान, बनीं आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड
शिविर में 104 नई आभा आईडी और 25 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए, जिससे महिलाओं को भविष्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा 68 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और 42 बच्चों का टीकाकरण भी किया गया।
हर गुरुवार होगा महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
CMHO डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि “महिला श्रमिक वर्ग, विशेष रूप से घरेलू कामगार, अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष पहल शुरू की गई है। अब से प्रत्येक गुरुवार को कामकाजी महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।”
महिला स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा भोपाल स्वास्थ्य विभाग
भोपाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला केंद्रित यह नवीन पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को भी सशक्त बना रही है। इससे कामकाजी और श्रमिक वर्ग की महिलाओं को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।