Bhopal Rain: मूसलाधार बारिश में निचली बस्तियों से 2 घंटे में निकाला पानी, 3000 फूड पैकेट बांटे

भोपाल, 10 अगस्त 2026। भोपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नगर निगम का अमला 24 घंटे से राहत और बचाव कार्य में जुटा है। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भरने की सूचना के बाद निगम की टीमों ने डी-वॉटरिंग पंप, जेसीबी, पोकलेन और अन्य संसाधनों की मदद से कई स्थानों पर करीब 2 घंटे के भीतर पानी की निकासी कराई।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने राहत और जल निकासी व्यवस्था की कमान संभाली। उन्होंने निचली बस्तियों और जलभराव वाले क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उड़िया बस्ती में 2 घंटे में पानी निकाला

तेज बारिश के दौरान उड़िया बस्ती में पानी भरने के बाद निगम की टीम ने युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए करीब 2 घंटे में पानी की निकासी कराई। प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

निगम की ओर से यहां लोगों के लिए करीब 3 हजार भोजन पैकेट की व्यवस्था भी की गई।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने उड़िया बस्ती पहुंचकर जल निकासी की स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को पानी दोबारा जमा न होने देने तथा नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

इन इलाकों में भी जलभराव पर कार्रवाई

भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भरने की सूचना मिली। निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जल निकासी की कार्रवाई की।

प्रमुख प्रभावित स्थानों में बाणगंगा रोड, मीनाल रेजीडेंसी, नया बसेरा, अरेरा कॉलोनी ई-7, गणेश नगर, लक्ष्मी विहार, शिवनगर, चिकलोद रोड, महामाई का बाग, द्वारका नगर, रेल कोच फैक्ट्री, छोला कैंची, पुराना कबाड़खाना, भोपाल टॉकीज, भानपुर, खेजड़ा बरामद, बावड़िया कलां, मंदाकिनी परिसर, दानापानी रोड, कैलाश नगर, अयोध्या बायपास और विद्या नगर शामिल हैं।

निगम के अनुसार इन क्षेत्रों में जलभराव की सूचना मिलने के बाद टीमों ने तेजी से कार्रवाई कर पानी की निकासी सुनिश्चित की।

16 स्थानों पर लगाए गए डी-वॉटरिंग पंप

नगर निगम के आपदा नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों के आधार पर 16 स्थानों पर डी-वॉटरिंग पंप लगाए गए। इन पंपों के जरिए जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने का काम किया गया।

निगम अधिकारियों के अनुसार नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, आपदा नियंत्रण कक्ष और महापौर हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों पर टीमों को तत्काल मौके पर भेजा जा रहा है।

पेड़ गिरने की शिकायतों पर भी कार्रवाई

भारी बारिश और तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की शिकायतें भी मिलीं। जहांगीराबाद पशु चिकित्सालय के पीछे, ईश्वर नगर, रॉयल मार्केट काला दरवाजा, वार्ड-71 स्थित आइडियल स्कूल के पास, अरेरा कॉलोनी, दानापानी रोड और वीआईपी रोड सहित अन्य स्थानों पर उद्यान विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर गिरे पेड़ों को हटाया।

अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश

निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी बारिश को देखते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें। किसी भी स्थान पर जलभराव, पेड़ गिरने या अन्य आपदा की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।

नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार संसाधन एवं टीमों को मौके पर भेज रहे हैं।SEO Title: Bhopal Rain: मूसलाधार बारिश में 2 घंटे में निकाला पानी, 3000 फूड पैकेट बांटे

Exit mobile version