भोपाल: रैबीज मुक्त अभियान जारी, नगर निगम रोज 60-65 आवारा श्वानों की कर रहा नसबंदी और टीकाकरण

भोपाल, 28 जुलाई 2026। नगर निगम भोपाल द्वारा शहर को रैबीज मुक्त बनाने के उद्देश्य से आवारा श्वानों की नसबंदी और एंटी रैबीज टीकाकरण का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वर्षा ऋतु के दौरान निगम के तीन एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटरों के माध्यम से प्रतिदिन 60 से 65 श्वानों की नसबंदी और एंटी रैबीज टीकाकरण किया जा रहा है।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम का डॉग स्क्वाड प्रतिदिन आवारा श्वानों को पकड़कर एबीसी सेंटर तक पहुंचा रहा है। यहां श्वानों की नसबंदी और एंटी रैबीज टीकाकरण के बाद उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा जाता है। स्वस्थ होने पर उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाता है, जहां से उन्हें पकड़ा गया था।

नगर निगम के अनुसार, सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 100 श्वानों की नसबंदी और एंटी रैबीज टीकाकरण किया जाता है। हालांकि, वर्षा ऋतु में मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण यह संख्या घटकर 60 से 65 प्रतिदिन रह जाती है।

नगर निगम का कहना है कि यह अभियान शहर में रैबीज की रोकथाम, आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर संचालित किया जा रहा है।

Exit mobile version