भोपाल जनसुनवाई: 300 करोड़ की जमीन के कथित फर्जी नामांतरण समेत 210 शिकायतें, अवैध उत्खनन और बिजली बिल विवाद भी पहुंचे कलेक्टर के पास

भोपाल। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों ने 210 आवेदन सौंपे। इस बार करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े विवाद, कथित फर्जी नामांतरण, अवैध उत्खनन, सरकारी भूमि पर कब्जे, वर्षों से लंबित रजिस्ट्री, बिजली बिल और कॉलोनियों में नियम विरुद्ध गतिविधियों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। प्रशासन ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को जांच और नियमानुसार कार्रवाई के लिए भेज दिया है।सबसे चर्चित मामला कोहेफिजा की करीब 300 करोड़ रुपये मूल्य की 1.50 एकड़ जमीन के कथित फर्जी नामांतरण का रहा। शिकायतकर्ता अंसार मोहम्मद खान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का नामांतरण किया गया। आवेदन में राजस्व अभिलेखों, दस्तावेजों और हस्ताक्षरों में कथित विसंगतियों का उल्लेख करते हुए तहसीलदार, एसडीएम और पटवारी समेत संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच तथा नामांतरण निरस्त करने की मांग की गई।दानिश हिल्स में अवैध उत्खनन का आरोपदानिश हिल्स क्षेत्र के रहवासियों ने ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि शासकीय भूमि पर बिना अनुमति जेसीबी और पोकलेन मशीनों से उत्खनन कर पहाड़ों की कटाई की जा रही है। उनका कहना है कि इससे बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हो रही है और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। रहवासियों ने निष्पक्ष जांच कर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।सरकारी जमीन पर कब्जे का मुद्दा भी उठाकांग्रेस नेता रामभरोसे राठौर ने खनिज विभाग पर अवैध उत्खनन के मामलों में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की मांग की। वहीं दानिश हिल्स के रहवासियों ने अकबरपुरा क्षेत्र की कथित 400 से 500 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर अवैध उत्खनन, पहाड़ों की कटाई और प्लॉटिंग का आरोप लगाते हुए सीमांकन, एफआईआर दर्ज करने और भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की।रजिस्ट्री, स्कूल और बिजली बिल की शिकायतेंजनसुनवाई में रोहित गृह निर्माण सहकारी संस्था से जुड़े 26 वर्ष पुराने प्लॉट की रजिस्ट्री का मामला भी सामने आया। आवेदक ने पूरी राशि जमा करने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं होने की शिकायत की।बैरसिया रोड स्थित फिरदोस नगर के रहवासियों ने आवासीय भवन में संचालित निजी स्कूल को हटाने की मांग करते हुए कॉलोनी में जाम और नियमों के उल्लंघन का मुद्दा उठाया।वहीं ताज ग्राफिक्स के संचालक मो. अजीम ने सामान्य मीटर होने के बावजूद अधिक बिजली बिल भेजने और स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने बिल की जांच कर संशोधन की मांग की।प्रशासन ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version