भोपाल, 10 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत भोपाल जिले के फंदा विकासखंड में 14 अगस्त को वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आसपास के 30 गांवों के नागरिकों की समस्याओं और ग्राम पंचायतों से जुड़े मामलों का एक ही स्थान पर त्वरित निराकरण किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र के उद्यमियों से संवाद भी किया जाएगा।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शिविर की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
शिविर से पहले गांवों का दौरा करेंगे अधिकारी
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिविर से पहले वे अपने-अपने विभाग से संबंधित क्षेत्रों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करें। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर समस्याओं और लंबित प्रकरणों को पहले ही चिन्हित किया जाए, ताकि शिविर में उनका प्रभावी निराकरण किया जा सके।
उन्होंने अपर कलेक्टर, एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राजस्व अधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए।
राजस्व और लोक सेवा गारंटी के मामलों पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े मामलों, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों और नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। दूरस्थ गांवों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों, सरकारी संस्थानों तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण करने को कहा गया है।
इन योजनाओं की होगी समीक्षा
जन-विश्वास अभियान के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से:
– मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
– जनसुनवाई
– लोक सेवा गारंटी अधिनियम
– राजस्व प्रकरण
– किसान आईडी
– आयुष्मान भारत कार्ड
– समग्र ई-केवाईसी
– प्रधानमंत्री आवास योजना
– जल जीवन मिशन
शामिल हैं।
अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
भिक्षावृत्ति रोकने के लिए जागरूकता और कार्रवाई
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने भोपाल शहर में भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में समन्वित तरीके से काम करने को कहा।
करोंद मंडी में बलराम महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में 11 अगस्त को भोपाल की करोंद मंडी में आयोजित होने वाले बलराम महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग और संबंधित विभागों को प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।SEO Title: Bhopal News: फंदा में 14 अगस्त को जनकल्याण शिविर, 30 गांवों की समस्याओं का होगा समाधान
