Bhopal News: खुले में चिकन-मटन बेचने पर निगम की कार्रवाई, 58.7 किलो मांस नष्ट; 19 मामलों में 59,500 रुपये का चालान

भोपाल, 3 सितंबर 2026। राजधानी में स्वच्छता और नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने चिकन-मटन की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की। जोन नंबर 16 के विभिन्न क्षेत्रों में निगम की पशु चिकित्सा शाखा, स्वास्थ्य विभाग और अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान खुले में मांस बेचने, गंदगी फैलाने और खराब व बदबूदार मांस रखने के मामलों में कार्रवाई की गई।
नगर निगम के अनुसार कार्रवाई के दौरान 58.7 किलोग्राम चिकन-मटन जब्त कर नष्ट कराया गया, जबकि कुल 19 प्रकरणों में 59,500 रुपये का चालान किया गया।
फ्रीजर में रखा 46.7 किलो चिकन-मटन मिला खराब
भानपुर क्षेत्र में मालवा चिकन शॉप का निरीक्षण किया गया। निगम के अनुसार दुकान के फ्रीजर में रखा मांस जांच के दौरान खराब और बदबूदार पाया गया। इसके बाद निगम अमले ने 46.7 किलोग्राम चिकन-मटन जब्त कर नष्ट कराया।
इस मामले में दो प्रकरण दर्ज करते हुए 20 हजार रुपये का चालान किया गया।
खुले में मांस बेचने पर दो दुकानों पर कार्रवाई
भानपुर ब्रिज क्षेत्र में भानपुर चिकन शॉप और भोपाल चिकन शॉप के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। निगम के अनुसार दोनों स्थानों पर खुले में चिकन-मटन बेचने और गंदगी फैलाने की स्थिति मिली।
कार्रवाई के दौरान कुल 12 किलोग्राम चिकन जब्त कर नष्ट कराया गया। तीन प्रकरणों में कुल 25 हजार रुपये का चालान किया गया।
15 अवैध दुकानें हटाईं
भानपुर ब्रिज क्षेत्र में निगम के अतिक्रमण निरोधक अमले ने अवैध रूप से लगाई गई 15 दुकानों को भी हटाया। इन मामलों में 14,500 रुपये का चालान किया गया।
इस तरह गुरुवार की कार्रवाई में कुल 19 प्रकरणों में 59,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई और 58.7 किलोग्राम चिकन-मटन जब्त कर नष्ट कराया गया।
लाइसेंस की शर्तों का पालन जरूरी
नगर निगम के अनुसार चिकन और मटन विक्रेताओं को लाइसेंस की शर्तों के मुताबिक स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखना अनिवार्य है। खुले में मांस बिक्री, खराब मांस रखने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कपूर, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राकेश शर्मा, अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी शैलेंद्र भदौरिया, जोन नंबर 16 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी सौरभ साहू सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





