कोलार तहसील और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, अवैध निर्माण ध्वस्त कर मार्ग से हटाए अतिक्रमण
भोपाल, 9 जुलाई। राजधानी में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को कोलार तहसील क्षेत्र के बागमुगालिया में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। तहसीलदार और नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दल ने संयुक्त रूप से अवैध बांस-बल्लियां, अस्थायी टपरे, ठेले और गुमठियां हटाईं।
इसके अलावा नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण कर बनाई गई अवैध दीवारें, चबूतरे और छप्परों को भी हटाया। मार्ग में बाधा बन रहे चारपहिया वाहन, आइसक्रीम की गाड़ियां तथा फुटपाथ पर लगी सब्जी, कपड़े और खिलौनों की दुकानों को भी हटाया गया।
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, टेबल और कुर्सियां हटाकर जब्त की गईं। कार्रवाई में 3 ठेले, 5 इलेक्ट्रिक कांटे, 3 सादे कांटे, 5 फाइबर स्टूल और 20 कैरेट सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
भोपाल के बागमुगालिया में कोलार तहसील और नगर निगम ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाते हुए अवैध टपरे, ठेले, गुमठियां और अन्य निर्माण हटाए। अभियान के दौरान कई सामान भी जब्त किए गए।