State

भोपाल: राजस्व वसूली में लापरवाही पर नगर निगम सख्त, 7 जोन के अधिकारियों और 31 वार्ड प्रभारियों का वेतन रुकेगा

भोपाल। नगर निगम की राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। असंतोषजनक वसूली पर 7 जोन के जोनल अधिकारियों और 31 वार्ड प्रभारियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।

गुरुवार को अटल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त ने जोन क्रमांक 2, 3, 4, 5, 10, 15 और 17 की राजस्व वसूली की समीक्षा की। वसूली का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सहायक आयुक्त और राजस्व अधिकारियों पर भी कार्रवाई

आयुक्त ने निगम सीमा की सभी संपत्तियों का वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर सत्यापन और सही कर निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले सभी सहायक आयुक्तों और राजस्व अधिकारियों का वेतन भी अगले आदेश तक रोका जाएगा। हालांकि मोहित नागर को इस कार्रवाई से अलग रखा गया है।

बकायेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार और लीज राशि के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और तालाबंदी की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संपत्तियों को कर के दायरे में लाकर नई प्रॉपर्टी आईडी बनाने और भवन अनुज्ञा के अनुसार कर निर्धारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वच्छता और अतिक्रमण पर भी फोकस

निगम आयुक्त ने सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाने और दीवारों पर अवैध लेखन करने वालों से पुताई का खर्च वसूलने के निर्देश दिए। इसके अलावा गंदगी फैलाने वालों पर स्पॉट फाइन लगाने और आवारा पशुओं को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

Related Articles