भोपाल मेट्रो निर्माण कार्यों का प्रबंध संचालक ने किया निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने के निर्देश


भ

ोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने भोपाल मेट्रो परियोजना के एलिवेटेड और भूमिगत निर्माण कार्यों का दो दिवसीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को मेट्रो का काम तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय कर निर्माण में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए।
ऑरेंज लाइन के काम की समीक्षा
निरीक्षण के पहले दिन प्रबंध संचालक ने करोंद से पुल बोगदा तक निर्माणाधीन ऑरेंज लाइन का जायजा लिया। उन्होंने भूमिगत सुरंग, मेट्रो स्टेशनों, पिलर्स और अन्य सिविल कार्यों की प्रगति देखी। अधिकारियों से निर्माण की स्थिति और काम पूरा होने की समय-सीमा की जानकारी भी ली।
ब्लू लाइन पर भी देखे निर्माण कार्य
दूसरे दिन उन्होंने रत्नागिरी से भदभदा तक ब्लू लाइन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल निर्माण, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
प्रबंध संचालक ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार और पूरी सुरक्षा के साथ किए जाएं। उन्होंने जनसुविधा से जुड़े इंतजामों को भी प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





