Bhopal Janmashtami: भोपाल में जन्माष्टमी महापर्व को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्लेटिनम प्लाजा, अटल पथ स्थित मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर एवं बाबा खाटू श्याम मंदिर में 4 अगस्त को जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी है। मंदिर के व्यवस्थापक पंडित चंद्रशेखर तिवारी के मुताबिक, इस अवसर पर भोपाल के सबसे बड़े लड्डू गोपाल का विशेष पूजन-अनुष्ठान किया जाएगा।
पंचामृत और फलों के रस से होगा अभिषेक
पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन सुबह लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कराया जाएगा। इसमें दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस का उपयोग किया जाएगा। इसके बाद भगवान को नए वस्त्र धारण कराकर पालने में विराजमान किया जाएगा।
लड्डू गोपाल का फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा और उन्हें भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन के दौरान भजन-संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान कृष्ण के भजनों का आनंद लेंगे।
वृंदावन से आएगी रत्न जड़ित पोशाक
आयोजकों के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर लड्डू गोपाल के लिए वृंदावन से विशेष रत्न जड़ित पोशाक मंगाई गई है। भगवान का विशेष श्रृंगार इसी पोशाक से किया जाएगा।
रात 12 बजे जन्मोत्सव और महाआरती
रात 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान ढोल-नगाड़े, शंख और घड़ियाल की ध्वनि के बीच भोपाल के सबसे बड़े लड्डू गोपाल की महाआरती की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा और बधाई गीत गाए जाएंगे।
मंदिर प्रबंधन ने जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की है।
