बायोमेडिकल वेस्ट नियमों का उल्लंघन, भोपाल के अस्पताल पर 50 हजार का जुर्माना

भोपाल। शहर में बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निपटान को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को स्नेह नगर स्थित बीएचआरसी अस्पताल पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट को अन्य कचरे के साथ मिलाने का मामला सामने आया था।

डेंटल क्लीनिक पर भी कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने रत्नागिरी क्षेत्र स्थित एक डेंटल क्लीनिक पर भी कार्रवाई की। यहां बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन और निपटान में लापरवाही पाए जाने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

खुले में मेडिकल वेस्ट फेंकने पर सख्ती

नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार शहर में मेडिकल वेस्ट को खुले में फेंकने या सामान्य कचरे के साथ मिलाने से संक्रमण और पर्यावरण संबंधी खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए अस्पतालों, क्लीनिकों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में बायोमेडिकल वेस्ट के निपटान की जांच की जा रही है।

निगम ने स्पष्ट किया है कि बायोमेडिकल वेस्ट के नियमों का पालन नहीं करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ आगे भी जुर्माने और अन्य कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version