State

भोपाल: श्रावण मास में हरियाली महोत्सव की धूम, महिलाओं को वितरित की गई सौभाग्य सामग्री

भोपाल। श्रावण मास के अवसर पर क्षत्रिय अखाड़ा संस्कार शाला द्वारा लालघाटी स्थित कार्यालय में हरियाली महोत्सव एवं सौभाग्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सावन के पर्व की खुशियां साझा कीं।

संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष आरती सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को सौभाग्य सामग्री भेंट कर उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और अखंड सौभाग्य की कामना की गई।

आयोजन के दौरान सावन के पारंपरिक गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक माहौल आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हरियाली महोत्सव मनाते हुए सामाजिक सौहार्द, आपसी प्रेम और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया।

इस अवसर पर खाटू श्याम आराधना ग्रुप की अध्यक्ष राखी परमार, मीनाक्षी सिंह सहित अनेक महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

आरती सिंह चौहान ने कहा कि श्रावण मास भारतीय संस्कृति, आस्था और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने, पारंपरिक संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना, सभी के सुख-समृद्धि की मंगलकामनाओं और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Related Articles