Bhopal Encroachment: साकेत नगर और एम्स के सामने चला निगम का बुलडोजर, 15 ट्रक सामान जब्त

भोपाल, 3 सितंबर 2026। राजधानी में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक अमले ने साकेत नगर, एम्स अस्पताल और भानपुर समेत कई इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान ठेले, गुमठियां, लोहे के गेट और अन्य सामान समेत करीब 15 ट्रक सामग्री जब्त की गई।नगर निगम के अनुसार कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर की गई। इसके अलावा नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत भी कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
एम्स के गेट नंबर 2 और 3 के सामने हटाए ठेले-गुमठियां
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दल ने एम्स अस्पताल के गेट नंबर 2 और 3 के सामने सड़क किनारे, ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए ठेले, गुमठियां और अस्थायी दुकानें हटाईं। इस कार्रवाई के दौरान करीब 35 ठेले और 13 ट्रक विभिन्न प्रकार का सामान जब्त किया गया। निगम की कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही।
भानपुर में चिकन-मटन दुकानों पर कार्रवाई
भानपुर क्षेत्र में भी निगम के अमले ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान चिकन और मटन की दुकानों से संबंधित करीब दो ट्रक सामान जब्त किया गया।
झुग्गी से लेकर अवैध स्पीड ब्रेकर तक हटाए
नगर निगम ने कई अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कोलार-हिनौतिया आलम क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई जा रही झुग्गी हटाई गई। वहीं डीके-2 दानिश कुंज में सर्विस रोड पर बनाए गए अवैध स्पीड ब्रेकर हटाए गए। शाहजहांनाबाद क्षेत्र में सड़क पर रखा कबाड़ हटवाया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से फुटपाथ पर लगाई गई सब्जी की दुकानें, ठेले, काउंटर, पान पार्लर, बोर्ड, स्टूल, टेबल-कुर्सियां और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया।
इन क्षेत्रों में भी कार्रवाई
निगम अमले ने कटारा, अमलतास, स्प्रिंग वैली, अटलांस, होशंगाबाद रोड, महिंद्रा मार्बल, कोलार, हिनौतिया आलम, दानिश कुंज डीके-2, विशाल मेगा मार्ट, त्रिलंगा, शैतान सिंह चौराहा, लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3, 12 नंबर स्टॉप, चेतक ब्रिज, कोटरा सुल्तानाबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 6, शाहजहांनाबाद, रॉयल मार्केट, कलेक्टर कार्यालय, करबला रोड, शहीद नगर और करोंद चौराहा सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाने के साथ एक ठेला और लोहे का गेट भी जब्त किया गया। नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





