भोपाल मंडल को मिली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, इटारसी से मिलेगी सुविधा

भोपाल। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनों को नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। दोनों ट्रेनों का भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहराव रहेगा। इससे इटारसी और आसपास के यात्रियों को प्रयागराज, जबलपुर, सतना, खंडवा, भुसावल और मुंबई क्षेत्र के लिए अतिरिक्त साप्ताहिक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रयागराज–लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 20436/20435 प्रयागराज–लोकमान्य तिलक–प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 21 अगस्त 2026 से शुरू होगा। ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को प्रयागराज जंक्शन से शाम 6:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन इटारसी सुबह 3:35 बजे पहुंचेगी। यहां 10 मिनट ठहराव के बाद 3:45 बजे रवाना होगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 20435 प्रत्येक शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शाम 5:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 2:50 बजे इटारसी पहुंचेगी। यहां से 3 बजे रवाना होकर ट्रेन प्रयागराज पहुंचेगी।
सुबेदारगंज–लोकमान्य तिलक ट्रेन भी होगी नियमित
गाड़ी संख्या 14121/14122 सुबेदारगंज–लोकमान्य तिलक–सुबेदारगंज अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 27 अगस्त 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को सुबेदारगंज से दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर इटारसी अगले दिन सुबह 7:45 बजे पहुंचेगी। 10 मिनट के ठहराव के बाद 7:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रवाना होगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 14122 प्रत्येक शुक्रवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रात 10:55 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 11:05 बजे इटारसी पहुंचेगी। यहां से 11:15 बजे रवाना होगी।
दोनों ट्रेनों के नियमित संचालन से इटारसी के यात्रियों को मुंबई और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा के लिए एक और विकल्प मिलेगा। यात्रा से पहले यात्रियों को ट्रेन के समय और ठहराव की अद्यतन जानकारी रेलवे के अधिकृत यात्री सूचना माध्यमों से जांचने की सलाह दी गई है।





