देर रात 12 बजे की गई सख्त कार्रवाई, लापरवाही पर कलेक्टर ने दिखाई जीरो टॉलरेंस
भोपाल। प्रशासनिक जिम्मेदारियों में लापरवाही पर अब अधिकारियों पर सीधे एक्शन लिया जा रहा है। भोपाल कलेक्टर ने एसआरआई (SRI) सर्वे की ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर बीएलओ को देर रात बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार रात करीब 12 बजे की गई, जो जिले में प्रशासनिक अनुशासन को लेकर सख्त रुख का उदाहरण मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार बर्खास्त किए गए बीएलओ प्रशांत दुबे भोज विश्वविद्यालय (BU) में सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत थे। उन्हें गोविंदपुरा क्षेत्र के पोलिंग बूथ क्रमांक 250 पर SRI सर्वे ड्यूटी सौंपी गई थी, लेकिन ड्यूटी के समय अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई की।
कलेक्टर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में चल रहे SRI सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी बीएलओ को समय पर उपस्थिति और कार्य निष्पादन के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई प्रशासन के उस संदेश को मजबूत करती है कि सरकारी जिम्मेदारियों में लापरवाही पर अब तत्काल और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
भोपाल कलेक्टर का एक्शन: SRI सर्वे ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर बीएलओ बर्खास्त
