भोपाल: कलेक्टर प्रियंक मिश्रा आज चंदेरी गांव में लगाएंगे चौपाल, राजस्व मामलों का होगा मौके पर निराकरण

भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा बुधवार को हुजूर क्षेत्र के चंदेरी गांव में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित होने वाली इस चौपाल में विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई कर उनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

चौपाल में अपर कलेक्टर (एडीएम), हुजूर एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित पटवारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। ग्रामीण अपनी भूमि, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, अतिक्रमण और अन्य राजस्व संबंधी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे।

प्रशासन का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

गौरतलब है कि इससे पहले कलेक्टर प्रियंक मिश्रा भीम नगर में चौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुन चुके हैं। चंदेरी गांव में आयोजित यह उनकी दूसरी जनचौपाल होगी।

Exit mobile version