भोपाल, 6 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल नगर की मासिक बैठक गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष रविंद्र यति की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती, हर घर तिरंगा अभियान, तिरंगा यात्रा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में 9 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान, 9 अगस्त को टीटी नगर स्टेडियम से प्रस्तावित तिरंगा यात्रा तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। विभिन्न आयोजनों के लिए जिला और मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा के जिला प्रभारी के रूप में जिला महामंत्री चेतन भार्गव, जबकि संत रविदास जयंती कार्यक्रमों के लिए जिला महामंत्री मुकेश राय को जिम्मेदारी दी गई।
जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है और प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जयंती के कार्यक्रम सामाजिक समानता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे।
बैठक में जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने कार्यकर्ताओं से सभी अभियानों को अनुशासन और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं महापौर मालती राय ने कहा कि भोपाल की जनता इन अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करेगी और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमैन, प्रकोष्ठ संयोजक तथा अभियान से जुड़े अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
