भोपाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय योगिनी महासंघ ने देश के 21 राज्यों में 153 स्थानों पर एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ इंडिया में दर्ज किया गया है। महासंघ ने पिछले वर्ष 72 स्थानों पर बनाए गए अपने ही रिकॉर्ड को इस वर्ष दोगुने से अधिक स्थानों पर आयोजन कर पीछे छोड़ दिया।
इस उपलब्धि पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
महासंघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एच. लता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में डॉ. शशि ठाकुर, डॉ. श्वेता श्रीवास्त्री, अर्चना जोधवानी, अंजू वशिष्ठ, अंशिका वशिष्ठ, महिपाल सिंह और संदीप सिंह गहरवार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों के जीवन में योग को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में महासंघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एच. लता ने एडुजी लाइफ के माध्यम से बालिकाओं के लिए पहले संचालित योग एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम को दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इस पर शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर कार्यक्रम शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, डॉ. शशि ठाकुर ने विद्यालयी पाठ्यक्रम में योग विषय को शामिल करने का सुझाव दिया, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने महासंघ द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
उल्लेखनीय है कि भारतीय योगिनी महासंघ ने 1 जून से 21 जून 2026 तक देशभर में योग, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को समर्पित विशेष अभियान चलाया था। इसी अभियान के तहत 153 स्थानों पर एक साथ आयोजित योग कार्यक्रम ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ इंडिया में स्थान बनाया।
