कैंसर मरीजों और परिजनों की सेवा में आगे आईं कल्याणमयी संस्था

भोपाल, 17 अगस्त । कल्याणमयी संस्था, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल शाखा द्वारा जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल में संचालित सेवा भारती भोजन सेवा में सहभागिता की गई।
संस्था की अध्यक्ष प्रियंका त्रिपाठी के नेतृत्व में सदस्यों ने कैंसर से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों को सेवा एवं स्नेहभाव के साथ भोजन प्रसादी वितरित की। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों का हाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
प्रियंका त्रिपाठी ने रोगियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान कल्याणमयी संस्था के सदस्यों ने सेवा भारती संस्था को अंशदान प्रदान कर भोजन सेवा में अपना सहयोग भी दिया। संस्था के सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और मानवता के प्रति संवेदनशीलता ही समाज को मजबूत बनाती है।





