रक्षाबंधन से पहले न्यू मार्केट में फिर बढ़ा अस्थाई अतिक्रमण, सोमवार को शिफ्टिंग की तैयारी

भोपाल। रक्षाबंधन में अब महज पांच दिन बाकी हैं। त्योहार की खरीदारी के लिए न्यू मार्केट में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। राखी, कपड़े और अन्य जरूरी सामान खरीदने पहुंच रहे लोगों के बीच बाजार में अस्थाई अतिक्रमण भी बढ़ गया है। स्थाई दुकानों के बाहर और बाजार की अंदरूनी सड़कों पर अस्थाई दुकानें लगने से सड़कें संकरी हो गई हैं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन से पहले न्यू मार्केट में लगने वाली अस्थाई दुकानों को टीटी नगर स्टेडियम के पास स्मार्ट सिटी की खाली जमीन पर शिफ्ट करने की योजना बनाई थी। हालांकि, नगर निगम का अतिक्रमण अमला उपलब्ध नहीं होने के कारण अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी।
न्यू मार्केट में 1300 से अधिक स्थाई दुकानें हैं, जबकि 500 से ज्यादा अस्थाई दुकानें भी लगती हैं। त्योहारों के दौरान इनकी संख्या और बढ़ जाती है। इससे बाजार में यातायात और पैदल आवाजाही का दबाव बढ़ जाता है।
एसडीएम अर्चना शर्मा ने बताया कि नगर निगम अधिकारियों को अतिक्रमण अमला उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को अस्थाई विक्रेताओं को टीटी नगर स्टेडियम के पास निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि विक्रेताओं के शिफ्ट होने के बाद वे निर्धारित स्थान पर जाकर ही रक्षाबंधन की खरीदारी करें, ताकि न्यू मार्केट में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।





