स्वतंत्रता दिवस से पहले रानी कमलापति स्टेशन पर सघन जांच, RPF-GRP ने चलाया अभियान

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की गई।

अभियान में निरीक्षक के.एस. रावत, सहायक उप निरीक्षक डी.एस. दुबे सहित RPF जवान और रानी कमलापति GRP थाना प्रभारी अमित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल शामिल रहा। टीम ने स्टेशन परिसर, आरक्षण कार्यालय, यात्री आरक्षण प्रणाली केंद्र, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्सल कार्यालय समेत अन्य स्थानों की जांच की।

कुलियों और ऑटो चालकों को दी समझाइश

सुरक्षा टीम ने स्टेशन पर काम करने वाले कुलियों और ऑटो चालकों को एकत्र कर संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्हें निर्देश दिए गए कि कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि नजर आने पर तुरंत RPF या GRP को सूचना दें।

स्टेशन परिसर और पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कोई लावारिस या संदिग्ध वाहन नहीं मिला।

यात्रियों के सामान की भी जांच

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों के सामान और लगेज की विशेष जांच की जा रही है। इसके लिए सामान जांच मशीन और हाथ से संचालित मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्टेशन में आने-जाने वाले यात्रियों और अन्य लोगों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

RPF और GRP ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान और कीमती वस्तुओं की स्वयं निगरानी रखें। किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और उससे दूरी बनाए रखें। संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दें।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष सतर्कता, निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version