भोपाल। गौतम नगर थाना पुलिस ने पुराने विवाद में नाई की दुकान के बाहर एक युवक पर उस्तरे से हमला करने के आरोपी को घटना के कुछ समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल उस्तरा भी बरामद किया है।
पुराने विवाद में किया हमला
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को विनोद श्रीवास (37) ने गौतम नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। विनोद ने बताया कि शाम करीब 4 बजे वह छोला रोड स्थित गणेश मंदिर के पास अपनी नाई की दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान वसीम मिर्ची वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर उस पर जान से मारने की नीयत से उस्तरे से हमला कर दिया।
हमले में विनोद के सिर और नाक के पास चोट आई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 496/26 दर्ज कर धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला जांच में लिया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ा गया
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गौतम नगर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वसीम मिर्ची (25), निवासी रिसालदार कॉलोनी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुराने विवाद के चलते विनोद पर उस्तरे से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल उस्तरा जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर आया था
पुलिस के मुताबिक, वसीम मिर्ची पहले भी कई मामलों में आरोपी रहा है। गौतम नगर थाने के एक पुराने प्रकरण में न्यायालय ने उसे 7 साल के कारावास की सजा सुनाई थी। पुलिस का कहना है कि वह करीब 4 साल की सजा काटने के बाद लगभग एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ गौतम नगर थाने में आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी सहित अन्य धाराओं में पांच मामले दर्ज हैं। वर्तमान मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
