
24-25 मार्च को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की राष्ट्रव्यापी हड़ताल
भोपाल: बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों—पर्याप्त भर्ती, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, लंबित मुद्दों के समाधान, नौकरियों की आउटसोर्सिंग पर रोक और अन्य सुधारों—को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 24-25 मार्च 2025 को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है।
इसी के तहत भोपाल इकाई द्वारा यूको बैंक जोनल ऑफिस, अरेरा हिल्स पर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन और सभा आयोजित की। इस प्रदर्शन में सैकड़ों बैंक कर्मियों ने भाग लिया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रमुख मांगें और बैंक कर्मियों की चिंता
सभा को UFBU से जुड़े बैंक यूनियन नेताओं—वी. के. शर्मा, सुबीन सिन्हा, प्रवीण मेघानी, दीपक रत्न शर्मा, दिनेश झा, संदीप चौबे, हरीश अग्रवाल, संजय कुदेशिया, आशीष तिवारी, वी. एस. नेगी, सुनील सिंह, जे. पी. झवर और निर्भय सिंह ठाकुर—ने संबोधित किया।
उन्होंने बताया कि:
बैंकिंग उद्योग में लाखों पद रिक्त होने से कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है, जिससे ग्राहक सेवा प्रभावित हो रही है।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की सहमति के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया।
नौकरियों की आउटसोर्सिंग से बैंकिंग सेवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, इसे तुरंत रोका जाए।
लंबित वेतन और अन्य लाभ संबंधी मुद्दों का समाधान जल्द किया जाए।
बैंक कर्मियों को हमलों और दुर्व्यवहार से सुरक्षा दी जाए।
अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया जाए और पेंशन योजना में सुधार हो।
ग्रेच्युटी सीमा को बढ़ाकर 25 लाख किया जाए और इस पर आयकर छूट दी जाए।
रियायती शर्तों पर दिए जाने वाले लाभों पर आयकर की वसूली अनुचित है, इसका भार बैंक प्रबंधन उठाए।
10 लाख बैंक कर्मियों की हड़ताल का एलान
अगर मांगों का समाधान नहीं हुआ तो देशभर में 10 लाख से अधिक बैंक कर्मचारी और अधिकारी 24 और 25 मार्च 2025 को बैंक हड़ताल करेंगे। इससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।





