State

स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के 5 रेलवे स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग पर रोक, 12 से 15 अगस्त तक लागू रहेगा प्रतिबंध

भोपाल मंडल के यात्रियों और पार्सल ग्राहकों के लिए जरूरी सूचना, सुरक्षा के चलते लिया गया निर्णय

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 12 से 15 अगस्त 2026 तक पार्सल बुकिंग और हैंडलिंग पर प्रतिबंध रहेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह रोक नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर लागू होगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार इस अवधि में इन सभी स्टेशनों पर लीज पर संचालित द्वितीय श्रेणी लगेज रैक डिब्बे, पार्सल वैन और डिमांड पार्सल वैन सहित सभी प्रकार के आवक-जावक पार्सल यातायात पर रोक रहेगी।

पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म भी रहेंगे खाली

रेलवे ने निर्देश दिया है कि प्रतिबंध की अवधि में संबंधित स्टेशनों के पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म को पार्सल पैकेज तथा पैकिंग सामग्री से मुक्त रखा जाएगा। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

यात्रियों को निजी सामान ले जाने की अनुमति

इस अवधि में यात्रियों को यात्री डिब्बे में अपने निजी सामान के साथ यात्रा करने की अनुमति रहेगी। हालांकि पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग निर्धारित वाणिज्यिक औपचारिकताओं तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद ही की जा सकेगी।

दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी लागू होगा नियम

पार्सल प्रतिबंध केवल दिल्ली क्षेत्र से चलने वाली ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा। अन्य रेलवे जोन और मंडलों से दिल्ली के इन पांच स्टेशनों पर आने वाली उन ट्रेनों पर भी यह नियम लागू होगा, जिनमें पार्सल की लोडिंग या अनलोडिंग की जाती है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों और पार्सल ग्राहकों से अपील की है कि 12 से 15 अगस्त के बीच दिल्ली के इन स्टेशनों से पार्सल भेजने या मंगाने की योजना बनाने से पहले प्रतिबंध को ध्यान में रखें और स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।

Related Articles