State

एक दिसंबर को भोपाल में होगा बाबा नीब करौरी महाराज का वार्षिक कृपा महोत्सव

कन्हैया मित्तल के भजन, सुंदरकांड पाठ और शिव तांडव स्तोत्रम की होंगी प्रस्तुतियां

भोपाल। बाबा नीब करौरी महाराज रामवेटी एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से एक दिसंबर को बाबा नीब करौरी महाराज का वार्षिक कृपा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से अरेरा कॉलोनी के बिट्टन मार्केट स्थित दशहरा मैदान में होगा। इसमें देश के कई संतों और धर्मगुरुओं के साथ भजन गायक कन्हैया मित्तल शामिल होंगे।

आयोजन के दौरान दिल्ली के बजेंद्र चौहान श्री सुंदरकांड पाठ करेंगे। वहीं कालीपुत्र कालीचरण महाराज शिव तांडव स्तोत्रम की प्रस्तुति देंगे। भजन गायक कन्हैया मित्तल अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। कार्यक्रम में अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास महाराज सहित अन्य संतों का सानिध्य भी रहेगा।

महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के संरक्षक धनंजय शर्मा हैं, जो बाबा नीब करौरी महाराज के पौत्र हैं। आयोजन में बाबा नीब करौरी महाराज भक्त मंडल, भोपाल की भी सहभागिता रहेगी। ट्रस्ट और भक्त मंडल ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles