
महिला रेल कर्मचारियों को अधिकारों और सुरक्षित कार्यस्थल की जानकारी दी गई
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह के निर्देशन में डीआरएम कार्यालय भोपाल एवं डीजल शेड इटारसी में संपन्न हुआ।
ड्राइंग, पोस्टर और सेमिनार के माध्यम से जागरूकता
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ड्राइंग प्रतियोगिता, पोस्टर प्रदर्शनी एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों, आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका तथा शिकायत प्रक्रिया की जानकारी देना रहा।
50 से अधिक महिला रेल कर्मचारी रहीं सहभागी
इस जागरूकता अभियान में 50 से अधिक महिला रेल कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में वे किस प्रकार शिकायत दर्ज करा सकती हैं और संगठन उनके साथ खड़ा है। अंत में विषय आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सिस्टर मागी मारिया (NGO) ने महिलाओं को कार्यस्थल पर आत्मविश्वास, जागरूकता और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी तथा सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मान, सुरक्षा और समानता पर विशेष जोर
भोपाल मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों में सम्मान, सुरक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के प्रति शून्य सहनशीलता नीति अपनाई गई है और सभी कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



