भोपाल। डेंगू निरोधक माह-2026 के तहत भोपाल जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी स्मृता नामदेव के निर्देशन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 53 छात्रावासों में डेंगू से बचाव संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान पंचशील नगर, शिवाजी नगर, भरत नगर, गोविंदपुरा, पटेल नगर, कटारा हिल्स, श्यामला हिल्स, प्रोफेसर कॉलोनी, भदभदा और रातीबड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के छात्रावासों में स्वास्थ्य टीमों ने विद्यार्थियों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव के उपाय बताए।
इसके अलावा बैरसिया, गांधीनगर, नजीराबाद, हर्राखेड़ा, बड़वाई, फंदा और खजूरी सड़क क्षेत्र के छात्रावासों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान फीवर सर्वे, लार्वा सर्वे, लार्वा विनिष्टीकरण, कीटनाशक छिड़काव और व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। विभिन्न जोन के सुपरवाइजरों और स्वास्थ्य टीमों ने छात्रावासों का निरीक्षण कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की कार्रवाई भी की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए लगातार वेक्टर कंट्रोल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभाग का कहना है कि भोपाल जिले में वर्तमान में डेंगू की स्थिति नियंत्रण में है।
