भोपाल। मध्यप्रदेश बीज निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चल रहा विवाद अब शांत होता दिख रहा है। सेवानिवृत्त अर्द्ध शासकीय अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के महासचिव अरुण वर्मा ने बताया कि बीज निगम के प्रमुख सचिव एवं प्रबंध संचालक महोदय ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की प्रमुख मांगों — ग्रेच्युटी भुगतान, अवकाश नगदीकरण तथा समयमान वेतनमान के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।
महासचिव अरुण वर्मा के अनुसार, प्रबंध संचालक ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन कर्मचारियों पर कोई गंभीर वित्तीय अनियमितता की जांच लंबित नहीं है, उनके मामलों का भी जल्द निराकरण किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान महासचिव अरुण वर्मा के साथ एस.सी. त्रिपाठी, राजेश वर्मा, एस.एस. तिवारी, वी.पी. व्यास और आर.एस. सिंह भी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव और प्रबंध संचालक से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा प्रस्तावित धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है।
धरना समाप्त करने से पहले सभी सदस्यों ने एकत्र होकर पहलगांव में दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात औपचारिक रूप से धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
इस निर्णय के बाद से बीज निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। महासचिव अरुण वर्मा ने प्रमुख सचिव एवं प्रबंध संचालक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्यवाही होती है तो सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लंबे समय से प्रतीक्षित न्याय मिलेगा।
यह घटनाक्रम बीज निगम कर्मचारी आंदोलन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, जिससे भविष्य में अन्य लंबित मांगों के निराकरण की उम्मीद भी जगी है।
बीज निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर मिला आश्वासन, ग्रेच्युटी और वेतनमान विवाद जल्द होगा समाधान
