भोपाल में 15 जनवरी 2027 को होगी आर्मी डे परेड, तैयारियों को लेकर तैयारियां तेज

परेड मैदान को सेना के भारी टैंकों के अनुरूप किया जाएगा तैयार, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम समेत निर्माण एजेंसियों को दिए निर्देश
नवभारत संवाददाता
भोपाल, 24 अगस्त। राजधानी भोपाल में 15 जनवरी 2027 को होने वाली भव्य आर्मी डे परेड की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में हुई बैठक में एडीएम महेन्द्र कवचे और सिविल इंजीनियर विशेषज्ञ भारतीय सेना पवन कुमार ने परेड मैदान की तैयारियों को लेकर पीडब्ल्यूडी, नगर निगम सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ तकनीकी मानकों पर विस्तार से चर्चा की।
सेना के टैंकों के वजन के अनुरूप बनेगा परेड मैदान
बैठक में परेड मैदान को सेना के भारी टैंकों और सैन्य वाहनों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए मैदान की सड़क और अन्य संरचनाओं का निर्माण इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाने की बात कही गई। अधिकारियों ने मैदान की क्षमता, सड़क की मजबूती और सैन्य वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
भोपाल के लिए गौरव का अवसर
बैठक में कहा गया कि मध्यप्रदेश और राजधानी भोपाल के लिए आर्मी डे परेड की मेजबानी करना गौरव का विषय है। यह पहली बार नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण सैन्य आयोजन की तैयारियों के लिहाज से शहर के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन में सैन्य अनुशासन, शौर्य और आधुनिक सैन्य क्षमता का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
‘आपकी सेना आपके पास’ की अवधारणा को मिलेगा बल
अधिकारियों ने बताया कि आर्मी डे परेड का आयोजन ‘आपकी सेना आपके पास’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इसका उद्देश्य सेना और आम नागरिकों के बीच बेहतर संपर्क और समन्वय को बढ़ावा देना है। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, सैन्य उपकरणों और देश की सुरक्षा में सेना की भूमिका को करीब से समझने का अवसर भी मिलेगा।
समय-सीमा में पूरी हों सभी तैयारियां
बैठक में आयोजन की गरिमा और व्यापकता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और अन्य संबंधित निर्माण एजेंसियों को तकनीकी मानकों के अनुसार काम करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए कहा गया। परेड मैदान की मजबूती से लेकर आयोजन स्थल की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चरणबद्ध तरीके से काम करने की तैयारी है।





