बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग और नाग-नागिन का हुआ विशेष पूजन, मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय ने भी की पूजा
भोपाल। मां भवानी शिव हनुमान मंदिर, सुभाष कॉलोनी में श्रावण मास के दौरान चल रहे एक माह के विशेष धार्मिक अनुष्ठान के तहत नाग पंचमी पर सोमवार को श्रद्धा और आस्था का विशेष आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, नाग-नागिन और 21 हजार पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया गया।
श्री श्री 1008 बजरंग दास जी महाराज की प्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव का औषधीय द्रव्यों से विशेष अभिषेक किया गया। आयोजकों के अनुसार धार्मिक मान्यता में औषधीय द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक आरोग्य, सुख-शांति और बाधाओं से मुक्ति की कामना के लिए किया जाता है।
मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय ने किया पूजन
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग और भोपाल की महापौर मालती राय भी पहुंचीं। उन्होंने भगवान शिव का पूजन-अभिषेक किया और नाग पंचमी के विशेष आयोजन में सहभागिता की।
पूजन-अर्चन आचार्य पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में पंडित अनिल दुबे ने विधि-विधान से संपन्न कराया। नाग पंचमी के अवसर पर नाग-नागिन का विशेष पूजन भी किया गया।
मुख्य यजमान के रूप में डॉ. श्रीकांत, राजकुमारी, स्वास्थ्य, अरुण द्विवेदी और डॉ. दिनेश धाकड़ सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पूजन में सहभागिता की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, पूजन और अभिषेक किया।
24 अगस्त को सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण
पंडित राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि श्रावण मास में चल रहे विशेष आयोजन के तहत प्रतिदिन बड़ी संख्या में पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण और पूजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती तथा 12 ज्योतिर्लिंगों के निर्माण, पूजन और अभिषेक का आयोजन किया जाएगा।
इसके अगले दिन 25 अगस्त को बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
नाग पंचमी के आयोजन के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय और शिवमय हो गया।
