State

सरकारी दीवार पर प्रचार सामग्री चिपकाने पर अनंतश्री हॉस्पिटल पर जुर्माना

भोपाल नगर निगम ने 67 मामलों में 25,400 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला

भोपाल, 18 अगस्त 2026। शहर में स्वच्छता और संपत्ति विरूपण के खिलाफ भोपाल नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। नगर निगम ने सरकारी दीवार पर प्रचार सामग्री चिपकाने के मामले में अनंतश्री हॉस्पिटल पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

निगम के जोन-15 के अमले ने निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 63 में सरकारी दीवार पर अस्पताल की प्रचार सामग्री चस्पा पाई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन से 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसी तरह जोन-16 के अमले को वार्ड क्रमांक 72 में दरगाह के पास कचरा मिला। कचरे में मिले बिल के आधार पर जांच करते हुए निगम ने एसकेएस आरजू ई-रिक्शा शोरूम के संचालक की पहचान की और उनसे 2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।

इसके अलावा निगम के विभिन्न जोन में सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, गंदगी फैलाने, सीएंडडी वेस्ट डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

जोन-14 में 32 मामलों में 10,100 रुपये, जोन-16 में 15 मामलों में 8 हजार रुपये और जोन-17 में 18 मामलों में 2,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इस तरह निगम ने कुल 67 मामलों में 25,400 रुपये का स्पॉट फाइन वसूल किया। निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

Related Articles