खाद्य सुरक्षा और पोषण पर जागरूकता बढ़ाने एमवे इंडिया और आईटीसीएफएसएएन में समझौता

विशेषज्ञों के माध्यम से उपभोक्ताओं, छात्रों और फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को दी जाएगी वैज्ञानिक जानकारी
मुंबई। खाद्य सुरक्षा और पोषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एमवे इंडिया और इंटरनेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर फूड सेफ्टी एंड एप्लाइड न्यूट्रिशन (आईटीसीएफएसएएन) ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत दोनों संस्थाएं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण और जानकारी साझा करने की गतिविधियां संचालित करेंगी।
एमओयू पर एमवे इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रजनीश चोपड़ा और एफएसएसएआई पश्चिमी क्षेत्र की डिप्टी डायरेक्टर (टेक्निकल) वैदेही कलझुनकर ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान एफएसएसएआई की रीजनल डायरेक्टर प्रीति चौधरी भी मौजूद रहीं।
समझौते के तहत उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों और खाद्य उद्योग से जुड़े पेशेवरों को खाद्य सुरक्षा, पोषण और खानपान से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोनों संस्थाएं आपसी सहमति और आवश्यक मंजूरियों के बाद शोध एवं विश्लेषण से जुड़े अध्ययन भी कर सकेंगी।
एमवे इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रजनीश चोपड़ा ने कहा कि उपभोक्ताओं को सही जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे खानपान और स्वास्थ्य से जुड़े फैसले समझदारी से ले सकें। आईटीसीएफएसएएन की स्थापना एफएसएसएआई, निर्यात निरीक्षण परिषद और विश्व बैंक की ग्लोबल फूड सेफ्टी पार्टनरशिप ने मिलकर की है। दोनों संस्थाओं का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार खानपान की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।





