2 अक्टूबर से चरापल्ली–गोरखपुर के बीच चलेगी साप्ताहिक ट्रेन, उत्तर और दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
भोपाल। रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने चरापल्ली–गोरखपुर–चरापल्ली स्पेशल ट्रेन को नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने का फैसला किया है। गाड़ी संख्या 22075/22076 के नियमित संचालन से भोपाल मंडल के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों के यात्रियों को उत्तर और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
2 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा
गाड़ी संख्या 22075 चरापल्ली–गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 2 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को चरापल्ली से होगा। ट्रेन रात 9:45 बजे चरापल्ली से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:05 बजे इटारसी, 1:50 बजे भोपाल तथा 4 बजे बीना पहुंचेगी। इसके बाद झांसी, कानपुर, लखनऊ और गोंडा होते हुए अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 22076 गोरखपुर–चरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 4 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक रविवार को होगा। ट्रेन गोरखपुर से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और रात 9:10 बजे बीना, 11:05 बजे भोपाल तथा अगले दिन रात 12:40 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन नागपुर, बल्हारशाह सहित अन्य स्टेशनों से होते हुए चरापल्ली पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन दोनों दिशाओं में चरापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी।
इस ट्रेन के नियमित संचालन से भोपाल मंडल के यात्रियों को गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी, नागपुर, चंद्रपुर और दक्षिण भारत की ओर यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और सीट उपलब्धता की अद्यतन जानकारी रेलवे के अधिकृत यात्री सूचना माध्यमों से जांचने की सलाह दी गई है।
