
भोपाल: राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के कर्मचारियों की बैठक आज दोपहर 2:00 बजे विश्वविद्यालय सभा हाल में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने की। बैठक में आरजीपीवी स्थाई कर्मी एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी मंच की समिति का चुनाव किया गया।
निर्वाचित समिति में अमर अहिरे को अध्यक्ष, जगदीश शर्मा को उपाध्यक्ष, कुमारी शाजली इजहार को महामंत्री, संतोष सूर्यवंशी को सचिव और विजय रैकवार को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों में राज बिहारी पांडे, आरिफ मोहम्मद खान, राज वहोर सेन, कुलदीप तोमर और प्रियंका शर्मा शामिल हैं।
समिति के सभी पदाधिकारियों का स्वागत आरजीपीवी के स्थाई कर्मियों एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने पुष्पमाला पहनाकर किया।
मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आरजीपीवी में स्थाई कर्मियों एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। नवीन कार्यकारिणी ने 6 सूत्रीय एजेंडा तैयार किया है, जिसे अगले सप्ताह आरजीपीवी प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इस एजेंडा में प्रमुखता से स्थाई कर्मियों एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की मांगों को रखा गया है।