फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का आरोप, कानूनी नोटिस के बाद धमकाने की शिकायत

भोपाल, 31 जुलाई। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि विक्रय का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित दंपति ने संबंधित पक्षों को कानूनी नोटिस भेजा है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उन पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं। इस संबंध में बैरागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

बैरागढ़ निवासी नैना केसवानी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति हीरो केसवानी द्वारा विधिक नोटिस भेजने के बाद संबंधित पक्ष समझौता करने और शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उनका आरोप है कि इनकार करने पर झूठे मामले में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी दी गई।

शिकायत के अनुसार, हीरो केसवानी ने अधिवक्ता के माध्यम से कुछ लोगों को नोटिस भेजकर आरोप लगाया है कि भूमि की रजिस्ट्री कथित रूप से फर्जी अनुमति के आधार पर कराई गई तथा भूमि डायवर्जन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई गई।

नैना केसवानी का यह भी आरोप है कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में दर्ज प्रकरण क्रमांक 77/2026 में उन पर कथित रूप से झूठी गवाही देने का दबाव बनाया जा रहा है।

पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने आवेदन में कहा है कि यदि भविष्य में उनके खिलाफ कोई झूठा मामला दर्ज किया जाता है, तो इस शिकायत को पूर्व में मिली धमकियों के साक्ष्य के रूप में माना जाए। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी भेजी गई है।

Exit mobile version