भोपाल के सभी चौराहे होंगे लेफ्ट टर्न फ्री, ब्लैक स्पॉट हटाने के निर्देश

भोपाल, 20 अगस्त। राजधानी भोपाल में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए शहर के सभी प्रमुख चौराहों को लेफ्ट टर्न फ्री बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही शहर और आसपास के मार्गों को ब्लैक स्पॉट फ्री करने के निर्देश दिए गए हैं। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय में भोपाल की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी निर्माण एजेंसियों की बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाए। जहां किसी कारण से तत्काल सुधार संभव नहीं है, वहां प्रभावी संकेतक, साइनेज और रोड सेफ्टी के अन्य इंतजाम किए जाएं। इसके लिए यातायात पुलिस, नगर निगम और सभी निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए।
जीआईएस को देखते हुए सड़कों पर फोकस
संभागायुक्त ने बताया कि आगामी जनवरी में भोपाल में जीआईएस प्रस्तावित है। इसे देखते हुए शहर के साथ भोपाल से जुड़े प्रमुख मार्गों को भी बेहतर बनाने पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सांची और भोजपुर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाली सड़कों के रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
मेट्रो मार्गों की खराब सड़कों को तुरंत सुधारें
बैठक में मेट्रो निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने कहा कि मेट्रो और संबंधित निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय से निर्णय लें और मेट्रो मार्गों पर यातायात सुचारु रखना सुनिश्चित करें। बारिश के कारण खराब हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत और जलभराव की समस्या दूर करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और रख-रखाव का काम कई एजेंसियों के माध्यम से होता है। इसलिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। सड़क से जुड़ी शिकायत मिलने पर रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखने के निर्देश दिए गए।
बैरागढ़ ओवरब्रिज की धीमी गति पर नाराजगी
संभागायुक्त ने संत हिरदाराम नगर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के काम की धीमी गति पर असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी दो माह में बैरागढ़ मार्केट क्षेत्र में ब्रिज से जुड़े कार्य पूरे कर यातायात को सुगम बनाने को कहा।
हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने के निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। भोपाल बायपास रोड पर रायसेन जंक्शन के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर की एप्रोच रोड बनाने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त साइनेज और रेडियम लगाने को कहा गया। संभागायुक्त ने एनएचएआई की परियोजनाओं को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में एनएचएआई, एमपीआरडीसी, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम भोपाल और भोपाल मेट्रो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





