अंगदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए एम्स भोपाल सम्मानित, सोटो मध्यप्रदेश ने दिया राज्य स्तरीय सम्मान

भोपाल, 4 अगस्त 2026। अंगदान और अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए एम्स भोपाल को 16वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (सोटो), मध्यप्रदेश ने सम्मानित किया है। यह सम्मान 3 अगस्त को इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।

सोटो ने अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, अंग प्रत्यारोपण सेवाओं का विस्तार करने और समाज को प्रेरित करने में एम्स भोपाल के योगदान की सराहना की।

एम्स भोपाल में अब तक 3 मृतक अंग प्राप्ति (डीसीड ऑर्गन रिट्रीवल), 3 हृदय प्रत्यारोपण और 23 किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। इन उपलब्धियों के साथ संस्थान मध्य भारत में उन्नत अंग प्रत्यारोपण सेवाएं प्रदान करने वाले प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो गया है।

संस्थान में फेफड़ा प्रत्यारोपण कार्यक्रम को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि लिवर प्रत्यारोपण कार्यक्रम शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, विशेष आईसीयू, विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम, आधुनिक प्रयोगशालाएं और ट्रांसप्लांट समन्वय की समग्र व्यवस्था उपलब्ध है। एम्स भोपाल अंगों के पारदर्शी और समयबद्ध आवंटन के लिए नोटो और सोटो मध्यप्रदेश के साथ समन्वय कर कार्य करता है।

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने कहा कि यह सम्मान पूरी प्रत्यारोपण टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को जीवनरक्षक प्रत्यारोपण सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version