20 अगस्त से एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

भोपाल, 19 अगस्त 2026। प्रदेश में 20 अगस्त से शुरू होने वाले एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान को भोपाल संभाग में प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों को अभियान का अधिक से अधिक लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

संभागायुक्त ने बुधवार को समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए शासन के निर्देशों के अनुसार अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

किसानों को मिलेंगी कई सुविधाएं

अभियान का उद्देश्य रबी वर्ष 2026-27 के लिए किसानों को उनकी फसलों के लिए जरूरी उर्वरक समय पर उपलब्ध कराना और उसके संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही ई-विकास प्रणाली के टोकन जनरेट करने, पोर्टल की सुविधाएं किसानों तक पहुंचाने और सभी किसानों की फार्मर आईडी बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।

अभियान के दौरान लंबित प्रकरणों का निराकरण, पैक्स में अधिक से अधिक किसानों को सदस्य बनाना और केसीसी सेचुरेशन का काम भी किया जाएगा।

गांवों में बनेंगी फार्मर आईडी

अभियान के तहत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम, पैक्स सदस्यता अभियान और ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों की फार्मर आईडी बनाने जैसी गतिविधियां होंगी। अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, सहकारिता तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की प्रमुख भूमिका रहेगी।

Exit mobile version