भोपाल, 19 अगस्त 2026। नगर निगम की राजस्व वसूली कार्रवाई के बाद बकायादारों ने निगम कोष में 10 लाख 11 हजार 490 रुपये जमा किए। यह राशि निगम की दुकानों का किराया लंबे समय से जमा नहीं करने वाले 10 बकायादारों से वसूली गई है।
नगर निगम के जोन क्रमांक 12 के अमले ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 43 में निगम स्वामित्व की दुकानों का किराया नहीं चुकाने वाले 10 बकायादारों के खिलाफ तालाबंदी की कार्रवाई की थी। कार्रवाई के बाद संबंधित दुकानदारों ने बकाया किराये की पूरी राशि निगम कोष में जमा करा दी।
निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर राजस्व अमला संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीजरेंट और किराया सहित विभिन्न मदों में बकाया राशि की वसूली कर रहा है। इसी अभियान के तहत दुकानदारों को समय पर किराया जमा करने की समझाइश भी दी गई।
निगम अधिकारियों ने अन्य बकायादार दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वे निर्धारित समय पर किराया जमा करें। बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर निगम द्वारा आगे भी तालाबंदी सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
