एडीआरएम ने संभावित रेल दुर्घटनाएँ टालने वाले 10 सतर्क रेलकर्मियों को किया सम्मानित

भोपाल। ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, सूझ-बूझ और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए नवंबर माह में संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले 10 रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। इन रेलकर्मियों को अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) श्री योग्रेंद्र बघेल द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं संरक्षा पुरस्कार (नगद राशि) प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में एडीआरएम श्री योग्रेंद्र बघेल ने कहा कि रेल सुरक्षा में जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन कर्मियों की सजगता और त्वरित कार्रवाई से न केवल बड़ी दुर्घटनाएँ टलीं, बल्कि यात्रियों की जान और रेलवे संपत्ति की भी सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित रेलकर्मी

1. रोशन चौरे – कांटेवाला (इटारसी)


2. रविन्द्र कुमार चौधरी – वरिष्ठ गुड्स ट्रेन मैनेजर (इटारसी)


3. प्रमोद कुमार – उप स्टेशन प्रबंधक (इटारसी)


4. अशोक कुमार मौर्या – कांटेवाला (रातीखेडा)


5. सुनील कुमार – उप स्टेशन प्रबंधक (बुधनी)


6. श्याममूर्ति रघुवंशी – कांटेवाला (बुधनी)


7. बृजेश कुमार – उप स्टेशन प्रबंधक (बुधनी)


8. राजकुमार मीना – कांटेवाला (बुधनी)


9. मनोज कुमार – ट्रैक मेंटेनर (नर्मदापुरम)


10. अमित अहिरवार – ट्रैक मेंटेनर (गंजबासोदा)



इन सभी रेलकर्मियों ने समय रहते खतरे को भांपते हुए आवश्यक कदम उठाए, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सका। उनके प्रयासों से रेल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ परिचालन व्यवस्था भी सुचारु बनी रही।

रेल प्रशासन ने की सराहना

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए रेलकर्मियों को निरंतर प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री रामेन्द्र पाण्डेय, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रमोद पंडित जाधव, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री मानस रंजन परिदा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन ने सभी सम्मानित कर्मचारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सजगता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

Exit mobile version