State

नालियलखेड़ा में आज चलेगा प्रशासन का बुलडोजर, करीब 40 अवैध झुग्गियां हटाने की तैयारी

भोपाल, 17 अगस्त । राजधानी के नालियलखेड़ा क्षेत्र में अवैध कब्जे हटाने के लिए जिला प्रशासन मंगलवार सुबह कार्रवाई करेगा। प्रशासन के अनुसार उपासना जौहरी की जमीन पर बने करीब 40 अवैध निर्माण और झुग्गियों को हटाया जाएगा। कार्रवाई सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी।

कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। मौके पर पुलिस बल के साथ नगर निगम का अमला भी मौजूद रहेगा। प्रशासन का कहना है कि संबंधित जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायत और न्यायालयीन मामला चल रहा था।

15 हजार वर्गफीट जमीन पर कब्जे का मामला

जानकारी के अनुसार नालियलखेड़ा में उपासना जौहरी की करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर लोगों ने कब्जा कर मकान और झुग्गियां बना ली हैं। इस मामले को लेकर वर्ष 2005 से हाईकोर्ट में मामला चल रहा था।

करीब तीन साल पहले मामले में फैसला आने के बाद प्रशासन ने जमीन खाली कराने की तैयारी की थी। हालांकि कब्जाधारियों द्वारा समय-समय पर स्टे लेने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।

इस बार स्टे नहीं मिलने से कार्रवाई

प्रशासन के मुताबिक इस बार हाईकोर्ट से कार्रवाई पर रोक नहीं मिली है। इसके बाद जिला प्रशासन ने पुलिस और नगर निगम के सहयोग से अवैध निर्माण हटाने की तैयारी की है।

मंगलवार सुबह शुरू होने वाली कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम अवैध निर्माण और झुग्गियों को हटाकर जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की प्रक्रिया पूरी करेगी।

Related Articles