हुजूर के दो गांवों में 8 अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की कार्रवाई, 55 करोड़ से अधिक की जमीन से हटाया अतिक्रमण

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर हुजूर तहसील के कल्याणपुर और पिपलिया जाहिरपीर गांव में बिना अनुमति विकसित की जा रही 8 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई।

राजस्व विभाग ने 3 और 5 अगस्त को अभियान चलाकर कल्याणपुर की 4 और पिपलिया जाहिरपीर की 4 अवैध कॉलोनियों में की गई प्लॉटिंग और निर्माण हटाए। प्रशासन के अनुसार इन कॉलोनियों में बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉट काटकर जमीन बेची जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान करीब 9.76 हेक्टेयर भूमि को चिन्हित किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 55.60 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार कार्रवाई में शामिल अलग-अलग जमीनों की अनुमानित कीमत 2.40 करोड़ रुपये से 15 करोड़ रुपये के बीच है।

यह अभियान अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) विनोद सोनकिया के मार्गदर्शन और तहसीलदार शुभम जैन के नेतृत्व में चलाया गया। हल्का पटवारी प्रियंका दुबे सहित राजस्व विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा।

प्रशासन का कहना है कि भोपाल के आसपास तेजी से बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना वैधानिक अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version