भोपाल, 14 अगस्त 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने शुक्रवार को भोपाल नगर निगम के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने निगम आयुक्त संस्कृति जैन और अन्य अधिकारियों के साथ शहर के करीब एक दर्जन कार्यस्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद अटल भवन स्थित निगम मुख्यालय में देर शाम तक अधिकारियों के साथ बैठकें कीं।
अपर मुख्य सचिव ने सबसे ज्यादा जोर नगर निगम की आय बढ़ाने और संपत्तिकर वसूली में सुधार पर दिया। राजस्व शाखा की समीक्षा के दौरान संपत्तिकर की वसूली में लापरवाही और नई संपत्तियों के खाते खोलने में कमी सामने आई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक नई संपत्तियों के संपत्तिकर खाते खोले जाएं और बकाया कर की वसूली तेज की जाए। कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
विवाह और जन्म-मृत्यु पंजीयन का निरीक्षण
बैठक से पहले संजय दुबे ने विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी ली और लोगों को जल्द डिजिटल प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीवेज और विकास कार्यों का जायजा
अपर मुख्य सचिव ने पातरा नाला और बाणगंगा नाले पर निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की जानकारी ली। इसके बाद चार इमली सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। भानपुर में एनएचएआई क्षेत्र में बिछाई जा रही सीवेज लाइन, अन्ना नगर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन और गौतम नगर में सीवेज कार्य के बाद सड़क रेस्टोरेशन का भी जायजा लिया।
उन्होंने सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने और अमृत परियोजना-2 के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था के लिए संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर जोर
संजय दुबे ने बैटरी से चलने वाली रोड स्वीपिंग मशीनों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में 10 बैटरी चालित और 10 डीजल इंजन वाली रोड स्वीपिंग मशीनें काम कर रही हैं। इसके अलावा 10 और मशीनें खरीदने की तैयारी है। अपर मुख्य सचिव ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
पीएम आवास के निर्माण में तेजी के निर्देश
उन्होंने आलमनगर स्थित निर्माणाधीन डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवासी
य परिसर का भी निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे भवनों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को जल्द आवास उपलब्ध कराया जा सके और नए प्रोजेक्ट शुरू किए जा सकें।
