कालीदेवी और पेटलावद थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत 60.30 लाख रुपये से अधिक; एक आरोपी गिरफ्तार

झाबुआ में गांजे की अवैध खेती का खुलासा, 607 किलो पौधे जब्त

भोपाल। झाबुआ जिले में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 607.09 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख 30 हजार 825 रुपये है। कार्रवाई कालीदेवी और पेटलावद थाना क्षेत्रों में की गई। पेटलावद के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेश में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत झाबुआ पुलिस ने सूचना के आधार पर खेतों और अन्य स्थानों पर दबिश दी।

तुवर और कपास की फसल के बीच उगाए थे गांजे के पौधे

कालीदेवी थाना क्षेत्र में पुलिस को एक खेत में गांजे की अवैध खेती की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यहां तुवर और कपास की फसल के बीच उगाए गए गांजे के 240 पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन 80.15 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इनकी अनुमानित कीमत 7 लाख 61 हजार 425 रुपये है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पेटलावद में 1,512 पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार

पेटलावद थाना क्षेत्र में पुलिस ने माही नदी के पास स्थित खेत में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, कपास और तुवर की फसल के बीच, मक्का की कड़ब के नीचे और आरोपी के घर से गांजे के पौधे बरामद किए गए। इस कार्रवाई में कुल 1,512 पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 526.94 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत 52 लाख 69 हजार 400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। साथ ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Exit mobile version