भोपाल में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कार्रवाई, 128 सिलेंडर जब्त

भोपाल। त्योहारों के सीजन को देखते हुए राजधानी भोपाल में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के निर्देश पर खाद्य विभाग की दो टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 128 गो गैस कंपनी के एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। इनमें शिव शक्ति एंटरप्राइज द्वारा संचालित गैस एजेंसी के वाहन से मिले 80 सिलेंडर भी शामिल हैं।
शिव शक्ति गैस एजेंसी के वाहन से 80 सिलेंडर जब्त
खाद्य अमले की जांच के दौरान सामने आया कि शिव शक्ति एंटरप्राइज, मिनाल और राधा रानी एंटरप्राइज, नीलबड़ द्वारा संचालित निजी गैस एजेंसियों से जुड़े वाहनों में गैस सिलेंडर ले जाए जा रहे थे। जांच के दौरान वाहन चालकों से सिलेंडरों से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद शिव शक्ति एंटरप्राइज से संबंधित वाहन की जांच की गई, जिसमें 80 एलपीजी गैस सिलेंडर पाए गए। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर खाद्य विभाग की टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
दूसरी गाड़ी से 48 सिलेंडर मिले
इसी दौरान दूसरी गाड़ी की जांच करने पर उसमें 48 गो गैस कंपनी के सिलेंडर लोड मिले। वाहन चालक भी इन सिलेंडरों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि सिलेंडर डोडी स्थित गो गैस डिपो से राधा रानी एंटरप्राइज के नीलबड़ स्थित कार्यालय ले जाए जा रहे थे।
दस्तावेज नहीं मिलने पर खाद्य अमले ने दूसरी गाड़ी में रखे 48 सिलेंडर भी जब्त कर लिए। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 128 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
पुलिस थानों की अभिरक्षा में वाहन
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए दोनों वाहनों को पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इनमें से एक वाहन खजूरी सड़क पुलिस थाना और दूसरा वाहन गांधी नगर पुलिस थाना की अभिरक्षा में दिया गया है। प्रशासन अब सिलेंडरों के परिवहन और दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगा।
त्योहारों के दौरान गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ने के चलते प्रशासन ने अवैध भंडारण, परिवहन और कालाबाजारी पर निगरानी बढ़ा दी है।





