भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, शीतला पूजा भंडार से 7.05 लाख रुपये का घी जब्त

ोपाल। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवारा-जुमेराती स्थित शीतला पूजा भंडार पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से अरिहंत घी और मक्खनश्री घी की करीब 7.05 लाख रुपये कीमत की मात्रा जब्त की गई। दोनों उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

494 किलो अरिहंत घी जब्त

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान पर अरिहंत घी के 15 किलोग्राम क्षमता वाले 33 टीन पाए गए। नियमानुसार नमूना लेने के बाद कुल 494 किलोग्राम अरिहंत घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 3 लाख 95 हजार 200 रुपये बताई गई है।

इसी तरह मक्खनश्री घी के 60 टीन भी जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 10 हजार रुपये है। इसके चार नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

विभाग के मुताबिक, दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने विधिवत संकलित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में किसी तरह की अनियमितता मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता संबंधी अनियमितता या उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों शिवराज पावक, अरुणेश पटेल, पंकज श्रीवास्तव, साधना सक्सेना और वर्षा व्यास की टीम ने की।

Exit mobile version