State

रोशनपुरा में मेट्रो परियोजना के लिए कार्रवाई, पक्के मकानों-दुकानों पर चला बुलडोजर

भोपाल, 29 जुलाई। मेट्रो रेल परियोजना के कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और मेट्रो रेल प्रबंधन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रोशनपुरा क्षेत्र में पक्के मकानों और दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्ग पर स्थित एक दर्जन से अधिक दुकानों और मकानों को ध्वस्त किया गया।

प्रशासन के अनुसार, जिन निर्माणों को हटाया गया, वे मेट्रो रेल परियोजना के कार्य में बाधा बन रहे थे, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित संपत्तियों के स्वामियों को पहले ही नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है। हालांकि, प्रभावित लोगों ने पूर्व में एसडीएम और कलेक्टर के समक्ष शहर में ही वैकल्पिक दुकान उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।

शिकायतों के आधार पर शहरभर में अतिक्रमण हटाया

नगर निगम ने सीएम हेल्पलाइन और निगम को प्राप्त शिकायतों के निराकरण के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मकानों के सामने बने अवैध चबूतरे, नालियों पर रखी फर्शियां, सड़क पर खड़े आवागमन में बाधक चारपहिया और लोडिंग वाहन, अवैध स्पीड ब्रेकर, दुकानों के बाहर रखा सामान, फुटपाथों पर लगी सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानें, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, टेबल-कुर्सियां तथा अन्य अतिक्रमण हटाए गए।

अभियान के दौरान नगर निगम ने कई ठेले, कुर्सियां, कैरेट और अन्य सामग्री भी जब्त की। निगम का कहना है कि शहर में यातायात सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles